इंटरप्रेटिव राइटिंग यानी व्याख्यातम लेखन Interpretative writing

 इंटरप्रेटिव राइटिंग यानी व्याख्यातम लेखन

डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज

Dr. Ved Prakash Bhardwaj

व्याख्यात्मक लेखन का अर्थ होता है किसी भी विषय का विश्लेषण करते हुए वैचारिक लेखन करनाइसमें विषय के बारे में पूर्ण जानकारी के साथ उसकी उपयोगिता व गुण-अवगुण का भी उल्लेख किया जाना जरूरी होता है। पत्रिकाओं में होने वाला लेखन ज्यादातर व्याख्यात्मक लेखन होता है। इसे विश्लेषणात्मक लेखन भी कह सकते हैं। जो भी वैचारिक लेखन होता है वह व्याख्यात्मक लेखन की श्रेणी में आता है। समाचार पत्रों व पत्रिकाओं के अलावा रेडियो पर भी वैचारिक लेखन होता है। इसके अलावा डिजिटल मीडिया पर भी वैचारिक लेखन खूब होता है। ब्लॉग राइटिंग के अलावा वेबसाइटों पर भी वैचारिक लेख प्रकाशित होते हैं। ऑन लाइन पत्रिकाओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है जिससे उसपर व्याख्यात्मक लेखन की आवश्यकता बढ़ती जा रही है।

इसे उद्देश्यपूर्ण लेखन भी कहा जाता है क्योंकि इसमें लेखक किसी विषय पर अपने विचार रखते हुए पाठकों को प्रभावित करने का प्रयास करता है। इसका अर्थ है किसी विशेष विषय पर लक्षित समूह के लिए लेखन। वैसे तो सभी प्रकार के लेखन का एक उद्देश्य होता है पर जिसे हम उद्देश्यपूर्ण लेखन कहते हैं उसका लक्ष्य एक विशेष पाठक या दर्शक वर्ग होता है। उदाहरण के लिए खेलों या फिल्मों पर लिखते समय सामान्य पाठक हमारा लक्ष्य होता है परंतु जब महिलाओं के विषयों पर लिखते हैं तो लक्ष्य महिला पाठक होती हैं। इसी प्रकार ऑटो पत्रिकाओं के लिए या कम्प्यूटर पत्रिका के लिए लिखते समय लक्ष्य वह लोग होते हैं जो वाहनों के शौकीन हैं और महंगी कारें, बाइक आदि के खरीददार होते हैं। इसी प्रकार फर्नीचर की या ज्वैलरी की पत्रिकाओं के पाठक अलग होते हैं । दैनिक समाचार पत्रों में इन विषयों पर जो फीचर प्रकाशित किए जाते हैं उनके पाठक सामान्य पाठक भी होते हैं परंतु लक्षित पाठक समूह अधिक महत्वपूर्ण होता है। अनेक धार्मिक व आध्यात्मिक पत्रिकाएं प्रकाशित होती हैं, साथ ही समाचार पत्रों में उनसे सम्बंधित स्तम्भ भी होते हैं। इस तरह के लेखन में इस बात का ध्यान रखना होता है कि लक्षित समूह को पूर्ण सन्तुष्टि मिले। इसके लिए विषय के अनुरूप भाषा व तथ्यों के साथ ही पाठकों की भावनाओं का भी ध्यान रखना जरूरी होता है। भाषा आकर्षक व रोचक होनी चाहिए। विषय का प्रतिपादन इस तरह से किया जाना चाहिए कि पाठक को पहली नजर में ही वह उपयोगी और आवश्यक प्रतीत हो। 

Comments

Popular posts from this blog

टीवी के लिए लेखन writing for TV programs

विवरणात्मक या कथात्मक लेखन (Narrative writing)

संचार का अर्थ व परिभाषाएं Definitions and meaning of communication